ढकोसला नामंजूर: साहू समाज ने प्री-वेडिंग शूट पर लगाई रोक, फिजूलखर्ची पर भी प्रतिबंध

कोरबा। सामाजिक सुधार की दिशा में साहू समाज ने एक बड़ा और क्रांतिकारी निर्णय लेते हुए प्री-वेडिंग शूट पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया है। इसके साथ ही विवाह एवं अन्य सामाजिक आयोजनों में होने वाली अनावश्यक फिजूलखर्ची पर भी रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। यह फैसला प्रदेश साहू संघ की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया, जो कोरबा सहित प्रदेश के सभी जिलों में प्रभावशील होगा।

प्रदेश साहू संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि यह निर्णय केवल समाज हित में ही नहीं, बल्कि व्यापक सामाजिक परिप्रेक्ष्य में भी एक सकारात्मक और आवश्यक संदेश देने वाला कदम है। बैठक में इस बात पर चिंता जताई गई कि प्री-वेडिंग शूट और दिखावटी आयोजनों के कारण विवाह समारोह लगातार महंगे होते जा रहे हैं, जिससे मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों पर अनावश्यक आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।

संघ ने स्पष्ट किया कि इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य समाज को सादगी, समानता और सामाजिक समरसता की ओर अग्रसर करना है। विवाह जैसे पवित्र संस्कार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और दिखावे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए यह कदम जरूरी समझा गया।

साहू समाज के पदाधिकारियों ने समाज के सभी लोगों से अपील की है कि वे संघ के इस निर्णय का पालन करें और विवाह समारोह को सादगी, गरिमा और परंपरागत मूल्यों के साथ संपन्न करें। साथ ही यह भी संकेत दिए गए कि आने वाले समय में इन सामाजिक नियमों के पालन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।