कोरबा। पाली विकासखण्ड की ग्राम पंचायत लाफा में दोहरे प्रभार वाले सचिव की पदस्थापना के कारण पंचायत की व्यवस्था चरमरा गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि सचिव की लापरवाही और मनमानी कार्यप्रणाली से शासकीय योजनाओं की प्रगति पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामवासियों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपते हुए बताया कि ग्राम पंचायत लाफा, जनपद पंचायत पाली में पदस्थ सचिव दूजे कमार शिन्दे के पास दो पंचायतों का प्रभार है। दोहरा दायित्व होने के कारण वे नियमित रूप से पंचायत में उपस्थित नहीं रहते और न ही विकास कार्यों पर ध्यान दे पा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि अक्टूबर 2025 से अब तक न तो ग्राम सभा आयोजित की गई और न ही कोई उल्लेखनीय विकास कार्य कराया गया है।
आवेदन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सचिव स्वयं यह कहकर जिम्मेदारी से बचते हैं कि उन्हें दूसरी पंचायत का कार्य भी देखना पड़ता है, इसलिए समस्याएं होना स्वाभाविक है। इससे ग्राम पंचायत के कार्य प्रभावित हो रहे हैं और शासन की विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि या तो सचिव दूजे कमार शिन्दे को ग्राम पंचायत लाफा से हटाया जाए अथवा उन्हें दूसरे पंचायत के प्रभार से मुक्त कर यहां पूर्णकालिक रूप से नियुक्त किया जाए, ताकि पंचायत का कामकाज सुचारू रूप से संचालित हो सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















