कोरबा। पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के रानी अटारी क्षेत्र में प्रस्तावित रूंगटा कोल माइंस के खिलाफ स्थानीय ग्रामीणों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। गोंडवाना पार्टी के समर्थन से आदिवासी ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
बताया जा रहा है कि रूंगटा कोल माइंस के लिए लगभग 290 हेक्टेयर भूमि प्रस्तावित की गई है। वहीं, इससे सटे क्षेत्र में पहले से ही दो कोल माइंस संचालित हैं, जिससे पर्यावरण और स्थानीय जनजीवन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
इसी क्रम में प्रशासन द्वारा चार ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव मंगाए गए थे, जिनमें से जलके और सेन्हा ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं।
ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों का आरोप है कि ग्रामसभा की सहमति के बिना ही प्रस्ताव भेज दिए गए, जो आदिवासी अधिकारों के साथ सीधा छल है। इसे लेकर क्षेत्र में भारी नाराजगी व्याप्त है। विरोध स्वरूप ग्रामीणों ने संबंधित सरपंचों और सचिवों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
वहीं,जलके और सेन्हा ग्राम पंचायत के सरपंचों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि जब तक ग्रामसभा की अनुमति के बिना भेजे गए प्रस्ताव वापस नहीं लिए जाते और कोल माइंस परियोजना पर पुनर्विचार नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















