गुजराती समाज ने अष्टमी पर किया हवन-पूजन,बच्चों ने दिखाई सांस्कृतिक प्रतिभा

जलाराम मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दी गई आहुतियां, सप्तमी पर हुई फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता

कोरबा।शारदीय नवरात्र के अवसर पर गुजराती समाज की ओर से जलाराम मंदिर परिसर में अष्टमी पर विशेष हवन-पूजन अनुष्ठान आयोजित किया गया। पुरोहित के मार्गदर्शन में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन कुंड में आहुतियां अर्पित की गईं। इस दौरान समाज, क्षेत्र, पर्यावरण, राष्ट्र और समस्त जीव-जगत के कल्याण की कामना की गई।

अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं ने देवी भगवती से सभी के जीवन में सुख-शांति, सद्भाव और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा। समाज के सदस्यों ने श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया।

फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया उत्साह
इससे पहले सप्तमी के अवसर पर समाज के बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बच्चों ने राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती सहित विभिन्न देवी-देवताओं और पौराणिक पात्रों की वेशभूषा धारण कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने आयोजन को आकर्षक बनाया।

गुजराती समाज की ओर से नवरात्र के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ बच्चों की सांस्कृतिक सहभागिता को भी महत्व दिया गया। इस तरह पूजा-पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के लोगों ने नवरात्र उत्सव को उत्साहपूर्वक मनाया।