24 करोड़ से संवरेगी कोरबा की सड़कें, 20 सड़कों के निर्माण और डामरीकरण का भूमिपूजन

साफ, सुंदर और सुव्यवस्थित कोरबा का निर्माण हमारा लक्ष्य:लखनलाल

कोरबा।कोरबा शहर की सड़कों को बेहतर बनाने और आवागमन को सुगम करने के लिए 24 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से 20 सड़कों के डामरीकरण, निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराए जाएंगे। रविवार को कोसाबाड़ी चौक में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने इन कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों के लिए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) से राशि खर्च की जाएगी।

इस अवसर पर मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि कोरबा को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित शहर बनाना लक्ष्य है। इसे पूरा करने के लिए सभी को समन्वित प्रयास करने होंगे।

उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र की 90 प्रतिशत से अधिक सड़कों का डामरीकरण डीएमएफ के माध्यम से कराया जा रहा है। सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे हों, इस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इन सड़क कार्यों को एक माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

डीएमएफ से शहर के विकास को गति
मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डीएमएफ के माध्यम से खनिज प्रभावित क्षेत्रों को विकास के लिए संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कोरबा को प्राप्त डीएमएफ राशि का उपयोग जिले और शहर के विकास कार्यों में किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सड़कों के सुधार के साथ कोहड़िया-ढेंगुर क्षेत्र में छठ घाट, नहर मार्ग से बरमपुर चौक तक बायपास, उरगा सड़क तथा सीएसईबी चौक से कोसाबाड़ी चौक तक गौरव पथ सहित कई कार्य भी प्रस्तावित हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए लोगों को मिल रहे लाभ की जानकारी दी।

आवागमन होगा सुगम
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि शहर की सड़कों के डामरीकरण से आवागमन अधिक सुगम और व्यवस्थित होगा। इससे नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सकेगी।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शहर के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों, स्वीकृत कार्यों और डीएमएफ से प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आवागमन को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने बताया कि सभी सड़क कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे कराने के प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम में नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जनप्रतिनिधि,एमआईसी सदस्य, पार्षद और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।