मारवाड़ी युवा मंच एवं नवचेतना शाखा का 9 दिवसीय रक्तदान अभियान जारी, दूसरे दिन बड़ी संख्या में दाताओं ने दिया योगदान

कोरबा। मानवता की सेवा के प्रति समर्पित भावना के साथ कटघोरा में रक्तदान का उत्साह जारी है। मारवाड़ी युवा मंच एवं नवचेतना शाखा कटघोरा द्वारा आयोजित 9-दिवसीय रक्तदान शिविर के दूसरे दिन विश्वकर्मा इंडस्ट्रीज परिसर में शिविर का सफल आयोजन किया गया।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद कटघोरा के पार्षद एवं भारतीय रेडक्रास सोसायटी शाखा कटघोरा के चेयरमैन अजय गर्ग विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “रक्तदान मानवता की सच्ची सेवा है, जो किसी की जान बचा सकती है।”

शिविर को सफल बनाने में विश्वकर्मा इंडस्ट्रीज के प्रबंधन ने विशेष सहयोग प्रदान किया। आयोजकों ने बताया कि यह संयुक्त अभियान 18 जनवरी से 26 जनवरी तक विभिन्न स्थानों पर चल रहा है, जिसमें स्थानीय नागरिकों, युवाओं और उद्योग से जुड़े लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।

यह शिविर न केवल रक्त की आवश्यकता को पूरा करने में सहायक सिद्ध हो रहा है, बल्कि सामाजिक जागरूकता और एकता का भी प्रतीक बन रहा है। आयोजक आगे भी अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का प्रयास कर रहे हैं।