चाकू की नोक पर ट्रक ड्राइवर से 8 हजार और मोबाइल की लूट, मात्र कुछ घंटों में दोनों स्कूटी सवार आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। कुसमुंडा थाना क्षेत्र में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रक चालक से चाकू की नोक पर लूट करने वाले दो स्कूटी सवार आरोपियों को पुलिस ने बेहद तेज कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक नाबालिग और एक बालिग आरोपी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित ट्रक चालक अपने वाहन को पार्क करने के बाद जैसे ही नीचे उतरे, तभी दोनों आरोपियों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। चाकू दिखाकर उन्होंने ड्राइवर को डराया-धमकाया और उनके पास से 8 हजार रुपये नगद तथा मोबाइल फोन लूट लिया। लूट के बाद आरोपी स्कूटी पर सवार होकर फरार हो गए।

ट्रक चालक ने तुरंत कुसमुंडा थाने पहुंचकर पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और रात के अंधेरे में ही तलाश शुरू कर दी। सूझ-बूझ और गहन जांच के आधार पर पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5,200 रुपये नगद और लूटा गया मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद कर लिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितीश ठाकुर ने बताया कि दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। संभावना जताई जा रही है कि ये दोनों अन्य लूट की घटनाओं में भी शामिल हो सकते हैं।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके के वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों में राहत की सांस आई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रात के समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।