हथियार दिखाकर पेट्रोल पंप कर्मियों से 8 हजार की लूट, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश जारी

कोरबा। एनएच-130 पर चैतमा स्थित साईं पेट्रोलियम में देर रात चार बदमाशों ने हथियार के दम पर पेट्रोल पंप कर्मियों से 8 हजार रुपये लूट लिए। आरोपी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। चैतमा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रजकम्मा निवासी राजकुमार कश्यप, जो श्री साईं पेट्रोल पंप में सेल्समैन के रूप में कार्यरत है, इस मामले में प्रार्थी है।

चैतमा चौकी प्रभारी अफसर खान के अनुसार 15 जनवरी की रात 8 बजे से 16 जनवरी की सुबह 10 बजे तक राजकुमार कश्यप की ड्यूटी कांशीराम टांडिया के साथ थी। रात करीब 8.30 बजे मैनेजर रामकुमार पटेल दिनभर का हिसाब लेकर पंप से चले गए थे।

रात लगभग 1 बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक पेट्रोल पंप पहुंचे। दो युवक राजकुमार कश्यप के पास और दो कांशीराम टांडिया के पास पहुंचे तथा मारपीट और गाली-गलौच करते हुए रुपयों के बारे में पूछताछ की।

आरोपियों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और राजकुमार की जेब से 6 हजार तथा कांशीराम की जेब से 2 हजार रुपये लूट लिए।

लूटपाट के बाद आरोपी शटर खींचकर फरार हो गए। घटना की सूचना तत्काल मैनेजर को दी गई और बाद में चैतमा चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि कई गुप्तचरों को भी इस कार्य में लगाया गया है।