महाशिवपुराण कथा में शिव-पार्वती विवाह का दिव्य प्रसंग, शिव बारात पर झूमे श्रद्धालु

कोरबा। सर्वमंगला नगर में आयोजित सात दिवसीय महाशिवपुराण कथा के चतुर्थ दिवस का प्रसंग अत्यंत भक्तिमय और मनोहारी रहा। व्यास पीठ से आचार्य रमाकांत जी महाराज ने भगवान शिव एवं माता पार्वती के पावन विवाह तथा अद्भुत शिव बारात का सजीव वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरे उत्साह के साथ झूमते नजर आए।

आचार्य रमाकांत जी महाराज ने कथा के दौरान बताया कि शिव-पार्वती विवाह केवल दो देवताओं का मिलन नहीं, बल्कि प्रकृति और पुरुष के पावन संगम का प्रतीक है। जब भगवान शिव की बारात निकली, तो वह ब्रह्मांड की सबसे अनोखी और विलक्षण बारात थी। शिव बारात के वर्णन के साथ ही कथा स्थल भक्तिरस से सराबोर हो गया।

उन्होंने बताया कि भगवान शिव पशुपति हैं, अर्थात समस्त जीवों के स्वामी। इसलिए उनकी बारात में केवल देवता ही नहीं, बल्कि देवगण, ऋषि-मुनि, भगवान विष्णु, ब्रह्मा जी और इंद्र अपनी-अपनी सेनाओं सहित शामिल थे। साथ ही अघोरी, भूत-प्रेत, पिशाच, डाकिनी-शाकिनी और विविध स्वरूपों वाले गण भी नाचते-गाते शिव बारात का हिस्सा बने।

हर प्रकार के जीवों की सहभागिता ने इस विवाह प्रसंग को और भी दिव्य एवं अद्भुत बना दिया।

महाशिवपुराण कथा के इस भक्तिमय प्रसंग को सुनने के लिए बड़ी संख्या में वार्डवासी सहित आसपास के गांवों से श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है।