स्वस्थ जीवन के लिए आयुर्वेद को बनाएं प्राथमिकता : डॉ. नागेंद्र

कोरबा। मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर पतंजलि चिकित्सालय एवं लायंस क्लब एवरेस्ट के संयुक्त तत्वावधान में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 150 से अधिक लोगों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाया गया। शिविर के दौरान बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें नि:शुल्क की गईं तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया गया।

नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने उपस्थित मरीजों को आयुर्वेदिक पद्धति के अनुसार आहार-विहार, दिनचर्या एवं ऋतुचर्या की विस्तृत जानकारी दी और रोगों से मुक्ति के लिए नि:शुल्क आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श प्रदान किया। उन्होंने कहा कि रोगोपचार के लिए आयुर्वेद को पहली प्राथमिकता देनी चाहिए, क्योंकि आयुर्वेद ही यह स्पष्ट करता है कि हमारे लिए क्या हितकर है और क्या अहितकर। स्वस्थ रहने के लिए आयुर्वेद में बताए गए नियमों का पालन आवश्यक है।

डॉ. शर्मा ने लोगों से अपने आहार-विहार पर विशेष ध्यान देने, नियमित दिनचर्या अपनाने तथा दैनिक जीवन में योग और प्राणायाम को शामिल करने का आह्वान किया।

शिविर में बिल्हा से दिलीप गेहानी, कमल गेहानी, गगन शर्मा सहित शिविर प्रभारी अश्विनी बुनकर, नेत्रनंदन साहु, कुश गुप्ता, मोनिका ध्रुव, काजल गोस्वामी, नेहा महिलांगे, भोलाराम साहू, पवन वर्मा, बालाराम कुर्रे, बाबुल कौशिक, सुनील मल्होत्रा एवं प्रतीक शर्मा की सक्रिय उपस्थिति रही।