दीपका में CISF पर जानलेवा हमला, बोलेरो सवार डीजल चोरों ने सरकारी वाहनों को रौंदने की कोशिश, 105 लीटर चोरी का डीजल बरामद

कोरबा। दीपका क्षेत्र में नाइट चेकिंग के दौरान CISF के जवानों पर अज्ञात अपराधियों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

इस घटना में सफेद रंग की बोलेरो (नंबर CG 12 BM 5447) में सवार अपराधियों ने CISF के जवानों को कुचलने का प्रयास किया तथा सरकारी ड्यूटी पर तैनात वाहनों को क्षतिग्रस्त कर फरार हो गए। मामले में लोकसेवक की हत्या का प्रयास एवं सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 11-12 जनवरी की मध्य रात्रि लगभग 1 बजे CISF के सहायक कमांडेंट दीपका एरिया में नाइट चेकिंग पर थे। इसी दौरान एसीबी क्रॉसिंग पर तैनात प्रधान आरक्षक को एक संदिग्ध सफेद बोलेरो के रेलवे साइडिंग की ओर जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सहायक कमांडेंट बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की।

35 नंबर वेब्रिज और एसीबी क्रॉसिंग के बीच झाड़ियों में हलचल दिखाई दी। जैसे ही CISF के जवान उस ओर पैदल बढ़े, झाड़ियों से तेज रफ्तार बोलेरो निकलकर आई और जवानों को टक्कर मारकर कुचलने का प्रयास किया। जवानों ने किसी तरह दौड़कर अपनी जान बचाई। बोलेरो को रोकने के प्रयास में सहायक कमांडेंट की स्कॉर्पियो (CG 11 BR 1900) को टक्कर मारते हुए आरोपी वाहन लेकर फरार हो गए।

इसके बाद क्यूआरटी की बोलेरो (CG 11 BR 4728) भी पीछा करने में शामिल हुई। बैरियर नंबर जीएन-08 के पास आरोपियों की बोलेरो को घेर लिया गया, जहां वाहन से उतरे चार अपराधियों ने लोहे की रॉड से स्कॉर्पियो के शीशे तोड़े और चालक व प्रधान आरक्षक पर हमला करने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपियों ने पीछे की ओर वाहन भगाते हुए क्यूआरटी गाड़ी को भी टक्कर मारी और दीपका मार्केट की ओर थाना चौक होते हुए फरार हो गए।

भिड़ंत के दौरान हमला करने वाले दो अपराधियों को एक-दूसरे को ‘नाजिर’ और ‘सालिक’ कहकर बुलाते हुए सुना गया, जो कुख्यात डीजल चोर बताए जा रहे हैं। घटना में CISF की दोनों सरकारी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।

घटना के बाद रेलवे साइडिंग एरिया की तलाशी में झाड़ियों से एसईसीएल दीपका खदान से चोरी किया गया 35 लीटर क्षमता के तीन केन, कुल 105 लीटर डीजल बरामद किया गया। CISF निरीक्षक के.के. मधुकर की रिपोर्ट पर दीपका थाना में धारा 3(5), 303(2), 324(2)-BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।