कोरबा।कलेक्टर कुणाल दुदावत के सख्त निर्देश पर उरगा की दो प्रमुख राइस मिलों में आज की गई भौतिक जांच में बड़ा अनियमितता का मामला सामने आया है। बजरंग राइस मिल और धनेश राइस मिल में कुल 11,373 बोरी धान कम पाया गया, जिसके बाद दोनों मिलों को तत्काल सील कर दिया गया।
जांच के मुख्य बिंदु
वर्ष 2025-26 में बजरंग राइस मिल ने 66,425 बोरी (26,570 क्विंटल) और धनेश राइस मिल ने 15,200 बोरी (6,080 क्विंटल) धान का कुल 79,625 बोरी उठाव दर्ज किया था।
लेकिन सत्यापन के दौरान दोनों मिलों में केवल 68,252 बोरी धान ही मौजूद पाया गया।


इस तरह 11,373 बोरी धान गायब होने की पुष्टि हुई।
अनियमितता सामने आते ही उपलब्ध धान को जब्त कर मिल संचालकों के सुपुर्द किया गया है। नए धान की कस्टम मिलिंग अभी शुरू नहीं हुई है, जबकि पुराने धान की मिलिंग कर चावल एफसीआई को जमा करने की प्रक्रिया जारी है।
विस्तृत जांच पूरी होने तक खाद्य विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने दोनों राइस मिलों को सील कर दिया है।
कार्रवाई के दौरान सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले और खाद्य अधिकारी घनश्याम कंवर मौजूद रहे। टीम में तहसीलदार कोरबा, अतिरिक्त तहसीलदार, खाद्य निरीक्षक और हल्का पटवारी शामिल थे।
100 कट्टी धान जब्त
इसी दिन उरगा की मनोकामना राइस मिल परिसर से धान रीसाइक्लिंग के उद्देश्य से समिति को भेजे जा रहे 100 कट्टी धान को ट्रैक्टर सहित जब्त कर लिया गया। यह कार्रवाई खाद्य अधिकारी जी. एस. कंवर, तहसीलदार विष्णु पैकरा और खाद्य निरीक्षक संतोष कंवर की टीम ने की। जब्त धान को उरगा थाने को सुपुर्द कर दिया गया है।
ये दोनों घटनाएं जिले में धान की कस्टम मिलिंग और सरकारी खरीद प्रक्रिया में हो रही गड़बड़ियों को उजागर करती हैं।
प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि ऐसी अनियमितताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जांच के नतीजे आने के बाद मिल संचालकों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















