पीएम सूर्यघर योजना का लाभ हर घर तक पहुंचाएं, जोनवार शिविर लगाकर पार्षदों से समन्वय करें : महापौर संजूदेवी राजपूत

कोरबा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी एवं जनकल्याणकारी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ नगर निगम क्षेत्र के अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने के लिए जोनवार शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए वार्ड पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर अभियान चलाने के निर्देश महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने दिए हैं।

महापौर श्रीमती राजपूत ने निगम के वार्ड पार्षदों से अपील करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से आमजन को बिजली बिल के बोझ से राहत मिलेगी और सोलर पैनल से उत्पन्न अतिरिक्त बिजली से आय का भी अवसर प्राप्त होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की मंशा के अनुरूप हर नागरिक तक योजना का लाभ पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।

महापौर ने यह निर्देश आज आयुक्त आशुतोष पाण्डेय एवं सभापति नूतन सिंह ठाकुर की उपस्थिति में आयोजित निगम की बैठक में विद्युत कंपनी एवं निगम अधिकारियों को दिए।

बैठक में वरिष्ठ पार्षद अशोक चावलानी, नरेन्द्र देवांगन, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि वार्ड स्तर पर नागरिकों को योजना की पूरी जानकारी दी जाए, उन्हें सोलर पैनल लगवाने के लिए प्रेरित किया जाए और जोनवार शिविरों के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाया जाए। इसके लिए विद्युत कंपनी और निगम संयुक्त रूप से शीघ्र कार्ययोजना तैयार करें।

बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी कोरबा के कार्यपालन अभियंता (शहर) रोशन वर्मा ने योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत 1 किलोवाट पर 45 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 90 हजार रुपये और 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर 1 लाख 8 हजार रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है।

सोलर पैनल ग्रिड से जुड़े रहेंगे और अतिरिक्त बिजली की यूनिट का भुगतान उपभोक्ता को किया जाएगा। इसके साथ ही बैंक फाइनेंस की सुविधा भी उपलब्ध है।

बैठक में मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के तहत वार्डों में विद्युत विस्तार और अतिरिक्त खंभों की स्वीकृति मिलने की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि शासन से स्वीकृति मिल चुकी है और शीघ्र ही कार्यादेश जारी कर काम शुरू किया जाएगा।

बैठक में सभापति नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद अशोक चावलानी, नरेन्द्र देवांगन सहित अनेक पार्षद, जनप्रतिनिधि और निगम व विद्युत कंपनी के अधिकारी उपस्थित रहे।