एनएच-130 पर बड़ा हादसा टला, ट्रैलर पलटकर रिहायशी मकान के अहाते में जा घुसा

कोरबा।कोरबा–कटघोरा–अंबिकापुर मार्ग पर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर गुरुवार अलसुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। अंबिकापुर से कटघोरा की ओर जा रहा एक भारी ट्रैलर ग्राम गुरसिया के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।

हादसे के दौरान ट्रैलर रिहायशी इलाके की ओर बढ़ गया और एक मकान से सटे अहाते में जाकर जा घुसा। गनीमत रही कि मकान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और घर में रह रहे लोग सुरक्षित बच गए। दुर्घटना में ट्रैलर चालक को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस एवं संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैलर को हटवाकर मार्ग पर यातायात बहाल कराया गया। किसी प्रकार की जनहानि नहीं होने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

स्थानीय लोगों ने एनएच-130 पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाते हुए ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।