पाली महोत्सव 2026: महाशिवरात्रि पर दो दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव, चयन समिति का गठन

कोरबा। जिले में विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर दो दिवसीय पाली महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह सामुदायिक आदिवासी कला, हस्तशिल्प एवं सांस्कृतिक प्रोत्साहन का प्रमुख कार्यक्रम होगा, जिसका आयोजन 15 एवं 16 फरवरी 2026 को विकासखंड पाली के ग्राम केराझरिया में प्रस्तावित है।

कार्यक्रम में जिले के प्रतिष्ठित एवं ख्याति प्राप्त सांस्कृतिक कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। देशभक्ति गीत, छत्तीसगढ़ी गीत, लोक नृत्य, नृत्य नाटिका, शास्त्रीय संगीत एवं विभिन्न गायन श्रेणियों में प्रस्तुति देने के इच्छुक कलाकारों से निर्धारित प्रारूप में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज, सीडी/पेन ड्राइव, गूगल फॉर्म में अपलोड, वेबसाइट लिंक, यूट्यूब लिंक आदि संलग्न करने होंगे।

इन आवेदनों के आधार पर कलाकारों के चयन के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा एक चयन समिति का गठन किया गया है।

समिति के सदस्य निम्नलिखित हैं:
अध्यक्ष – अपर कलेक्टर  देवेन्द्र पटेल
सदस्य सचिव – सहायक आयुक्त आदिवासी विकास  श्रीकांत कसेर
सदस्य – जिला शिक्षा अधिकारी तामेश्वर उपाध्याय
सदस्य – जिला कोषालय अधिकारी निशांत पाण्डेय
सदस्य – खेल अधिकारी दीनू पटेल
सदस्य – सहायक खेल अधिकारी रामकृपाल साहू

यह महोत्सव आदिवासी संस्कृति, लोक कला और छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने तथा स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

जिला प्रशासन द्वारा इस आयोजन के लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इच्छुक कलाकार शीघ्र आवेदन कर अपनी प्रतिभा को जिले के इस बड़े सांस्कृतिक मंच पर प्रदर्शित कर सकते हैं।