कोरबा।जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र में हुई गैंगरेप की घटना को लेकर जिला युवा कांग्रेस ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ तीखा विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस-प्रशासन की लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनका पुतला दहन किया।
युवा कांग्रेस नेता पंकज ने बताया कि पीड़िता ने सबसे पहले थाने में शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन FIR दर्ज करने में देरी हुई। मजबूरन पीड़िता को पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय जाना पड़ा। एसपी सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज किया गया, जिसे बाद में बांकीमोंगरा थाने को ट्रांसफर कर दिया गया।
नेता ने कहा कि जिले में पिछले चार महीनों में हत्या, बलात्कार जैसे गंभीर अपराधों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। यह प्रदर्शन इसलिए किया गया ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
पीड़िता ने बताया कि वारदात के बाद आरोपियों ने उसे जमकर धमकाया और कहा कि अगर किसी को बताया तो जान से मार देंगे। इसके बावजूद युवती ने हिम्मत जुटाकर शिकायत की। पुलिस ने अब तक दो आरोपियों—जिनमें से एक डायल-112 सेवा से जुड़ा ड्राइवर है—को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
युवा कांग्रेस ने मांग की है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़िता को पूर्ण न्याय मिले। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन की लापरवाही जारी रही तो आंदोलन और तेज होगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















