शारदा विहार में उत्साह से मनाया मकर संक्रांति: RSS ने दिया सामाजिक समरसता का संदेश

कोरबा।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने कोरबा के शारदा विहार क्षेत्र में मकर संक्रांति पर्व को बड़े उत्साह के साथ मनाया। इस आयोजन के माध्यम से सामाजिक एकता, समरसता और राष्ट्र की उन्नति का संदेश लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उपनगर संघ चालक अमृतलाल बत्रा, किशोर भाई पटेल और चंद्र कुमार शर्मा ने भारत माता एवं संघ संस्थापक डॉ. हेडगेवार के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।

नगर बौद्धिक प्रमुख किशोर भाई पटेल ने संबोधन में कहा, “तमाम चुनौतियों और आक्रमणों के बावजूद भारत अपनी जगह पर अडिग खड़ा है। आज भारत से टकराने का मतलब तबाही है।” उन्होंने मकर संक्रांति की मिठास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि तिल और गुड़ न केवल जीवन में मिठास लाते हैं, बल्कि सामाजिक एकता और समरसता की भावना भी जागृत करते हैं। हमें समाज में सद्भाव और समानता बनाए रखनी है।

विशेष अतिथि चंद्र कुमार शर्मा ने स्वामी विवेकानंद के उद्धरण के माध्यम से सभी को अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन कृष्ण प्रसाद सोनी ने कुशलतापूर्वक किया।

इस अवसर पर डॉ. स्वप्न विश्वास, नन्दन मुखर्जी, नरेश पांडेय, कृष्णा वैष्णव सहित क्षेत्र के दर्जनों स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

आरएसएस ने कोरबा के अन्य स्थानों पर भी मकर संक्रांति के कार्यक्रम आयोजित किए, जिसमें सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रभक्ति का संदेश प्रमुख रहा।