कोरबा। स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर एके गुरुकुल कॉलेज एवं रानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ढेलवाडीह में एक प्रेरणादायी विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को स्वामी विवेकानंद के जीवन-दर्शन, आदर्शों और राष्ट्र-निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका से परिचित कराना था।
मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत क्रीड़ा प्रमुख कौशलेंद्र पटेल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “साहस, आत्मविश्वास, अनुशासन और निर्धारित लक्ष्य की ओर निरंतर परिश्रम ही युवाओं को सफल बनाता है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि “सशक्त युवा ही सशक्त राष्ट्र की नींव रखते हैं।” स्वामी विवेकानंद का जीवन युवाओं के लिए एक जीवंत मार्गदर्शक है, जिनके विचार आज भी राष्ट्र को नई दिशा प्रदान करने में सक्षम हैं। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे शारीरिक, मानसिक और नैतिक रूप से मजबूत बनें।
संस्था के संचालक अक्षय कुमार दुबे ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं और उन्हें जीवन की सही दिशा दिखाते हैं।
विद्यालय के प्राचार्य जे. एस. पैकरा ने छात्रों से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया। वहीं केंद्राध्यक्ष रामगोपाल कंवर ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे सफल बताया।
यह संगोष्ठी युवाओं में स्वामी विवेकानंद के विचारों को जागृत करने और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की भावना जगाने में महत्वपूर्ण साबित हुई।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















