गुणवत्ता और समय पर फोकस: कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दी चेतावनी

कोरबा।जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य को तेजी से हासिल करने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।

बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत कार्य समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। विशेष रूप से करतला, कटघोरा और पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंडों में लंबित कार्यों को अगले एक माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

कलेक्टर ने जोर दिया कि जहां आधारभूत संरचनाएं तैयार हैं, वहां जलापूर्ति को तुरंत शुरू किया जाए। टंकियों की फंक्शनल स्थिति सुनिश्चित करने और सोलर पंप आधारित नल कनेक्शनों का सत्यापन कर वास्तविक लाभार्थियों तक पानी पहुंचाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

उन्होंने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि जिन ठेकेदारों के अनुबंध पहले ही निरस्त किए जा चुके हैं, उन्हें नियमों के अनुसार ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई तुरंत सुनिश्चित की जाए। साथ ही, विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) बस्तियों में स्वीकृत जल आपूर्ति योजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र पूरा करने के आदेश दिए।

कलेक्टर ने बैठक में कहा, “जल जीवन मिशन केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। जिन क्षेत्रों में एफएसटीसी पूर्ण हो चुका है और टंकी निर्माण हो गया है, वहां अगले एक माह में कम से कम 50 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर जलापूर्ति शुरू की जाए।”

बैठक में जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, कार्यपालन अभियंता राम उरांव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब पूरे देश में जल जीवन मिशन को 2028 तक विस्तारित किया जा रहा है और गुणवत्ता तथा समयबद्धता पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

कलेक्टर की यह पहल कोरबा जिले में योजना को नई गति प्रदान करेगी।