कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है और इसमें किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही हो, अन्यथा संबंधितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को कलेक्टर के निर्देशानुसार आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित तुमान एवं कोरकोमा के धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में कई गंभीर अव्यवस्थाएं सामने आईं।
जांच में पाया गया कि किसानों से लाए गए धान को किसान बोरे से सीधे समिति बारदाने में पलटी कर खरीदा जा रहा था। इसके अलावा स्टेकिंग सही ढंग से नहीं की गई थी, हमालों की उचित व्यवस्था नहीं थी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में भी कमी पाई गई।
शिकायतों की पुष्टि के बाद सहकारी समिति कोरबा के प्रबंधक प्यारेलाल साहू एवं तुमान समिति के प्रभारी प्रबंधक रंजीत कंवर को समिति प्रबंधकीय दायित्वों से पृथक कर दिया गया है।
तिलकेजा समिति प्रबंधक निलंबित
कलेक्टर ने कोरबा एवं करतला विकासखंड के भैंसमा, तिलकेजा और चिकनीपाली उपार्जन केंद्रों का भी निरीक्षण किया। तिलकेजा केंद्र में खरीदी प्रक्रिया में गंभीर अव्यवस्थाएं पाए जाने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई और कार्य में लापरवाही बरतने पर समिति प्रबंधक दुल्ली चंद धीवर को निलंबित करने के निर्देश दिए।
भौतिक सत्यापन में अवैध व अमानक धान जब्त
निरीक्षण के दौरान भैंसमा समिति में एक किसान के पास पुराना एवं अमानक धान पाए जाने पर उसे जब्त करने के निर्देश दिए गए। वहीं तिलकेजा समिति में किसान युवराज सिंह के धान की जांच के दौरान बिचौलियों से प्राप्त अवैध धान विक्रय हेतु पाया गया, जिसे मौके पर ही जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी समितियों में केवल वास्तविक किसानों से ही धान की खरीदी की जाए। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे बिचौलियों को धान बेचने में किसी प्रकार का सहयोग न करें, ताकि वास्तविक किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।
चिकनीपाली प्रबंधक को नोटिस
चिकनीपाली उपार्जन केंद्र के निरीक्षण में बिना पलटी किए धान की खरीदी पाए जाने पर समिति प्रबंधक अजय कुमार को नोटिस जारी करते हुए खरीदी कार्य से पृथक रखने के निर्देश दिए गए।
किसानों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने समिति प्रबंधकों एवं फड़ प्रभारियों से खरीदी की स्थिति, पंजीकृत किसानों की संख्या, टोकन वितरण, धान उठाव, बारदाना उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने धान की नमी जांच और वजन कराकर मौके पर भौतिक सत्यापन भी किया। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि पात्र किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर ने दोहराया कि धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता, गुणवत्ता और किसानों के हितों की रक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















