कोरबा। वन विभाग ने लकड़ी तस्करों पर कड़ा प्रहार करते हुए कुदमुरा वन परिक्षेत्र के कोसाबाड़ी क्षेत्र में बड़ी छापेमारी की है। इस कार्रवाई में सागौन और साल प्रजाति की 366 नग चिरान (करीब 9.933 घन मीटर), एक हाथ आरा तथा दो चक्कादार कनासी जब्त किए गए हैं। जप्त की गई अवैध वन संपदा की अनुमानित कीमत 2 लाख 21 हजार 528 रुपये बताई गई है।
कुदमुरा क्षेत्र में लंबे समय से सागौन और साल की बड़े पैमाने पर अवैध कटाई की शिकायतें मिल रही थीं। इसकी गंभीरता को देखते हुए डीएफओ श्रीमती यादव ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और तीन ग्रामीणों के घरों की तलाशी के लिए सर्च वारंट जारी किए।
उप वनमंडाधिकारी सूर्यकांत सोनी के नेतृत्व में तीन अलग-अलग टीमें गठित की गईं। सोमवार सुबह ये टीमें करतला पुलिस के साथ कुदमुरा पहुंचीं और गांव के तीन निवासियों रामदास महंत, श्यामदास महंत एवं लछनसिंह राठिया के घरों पर दबिश दी। साथ ही रेशम विभाग के कोसाबाड़ी परिसर में भी गहन तलाशी अभियान चलाया गया।
वन विभाग ने सभी जब्त सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया है और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















