स्नीफर डॉग ‘बाघा’ को कैबिनेट मंत्री का सम्मान, मेयर ने दिया प्रशंसा पत्र

कोरबा। लगातार दूसरे वर्ष कोरबा केनाइन क्लब की ओर से स्थानीय ऑडिटोरियम में डॉग शो का आयोजन किया गया। डॉग एनिमल वेलफेयर सोसाइटी से सम्बद्ध इस कार्यक्रम में कोरबा सहित विभिन्न राज्यों से आए प्रशिक्षित डॉग और उनके ट्रेनरों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में कोरबा पुलिस के स्नीफर डॉग ‘बाघा’ ने अपनी कार्यकुशलता का शानदार प्रदर्शन किया। जिले में पुलिस बल का अहम हिस्सा रहे बाघा को उसकी अनेक उपलब्धियों और हाल ही में एक हत्या के मामले के खुलासे में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका के लिए विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।

कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने पुलिस डॉग बाघा को मेडल पहनाकर सम्मानित किया, वहीं नगर निगम महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने प्रशंसा पत्र भेंट किया।

इस अवसर पर बाघा के ट्रेनर एवं डॉग मास्टर सुनील कुमार गुप्ता को भी स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

डॉग शो के दौरान बाघा ने एक-दो प्रदर्शनों के माध्यम से अपनी दक्षता दिखाई, जिसे देखकर उपस्थित दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं।

कार्यक्रम में आशीष कदम, प्रेम चन्द्रा, प्रतीक दत्त, रॉबिन सिंह, प्रवीण पाटले सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और डॉग प्रेमी मौजूद रहे।