एसईसीएल भूविस्थापितों का महासम्मेलन कल नराईबोध में, 12 क्षेत्रों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

कोरबा।साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के अंतर्गत छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के विभिन्न कोयला क्षेत्रों के भूविस्थापितों का एसईसीएल स्तरीय महासम्मेलन कल 12 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन गेवरा क्षेत्र के नराईबोध भूविस्थापित भवन में सुबह 11 बजे से शुरू होगा।

ऊर्जाधानी भूविस्थापित किसान कल्याण समिति के तत्वावधान में होने वाले इस सम्मेलन में छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के 12 कोयला क्षेत्रों से जुड़े भूविस्थापित संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन में रोजगार, उचित मुआवजा, पुनर्वास और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर चल रहे आंदोलनों को एकजुट कर फेडरेशन गठन पर चर्चा की जाएगी।

सम्मेलन के दौरान भूविस्थापितों की लंबित मांगों को लेकर आगामी दिनों में एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर, कोल इंडिया मुख्यालय कोलकाता और कोयला मंत्रालय नई दिल्ली में बड़े आंदोलन की रणनीति भी तय की जाएगी।

इस महासम्मेलन में छत्तीसगढ़ के गेवरा, दीपका, कुसमुंडा, कोरबा, रायगढ़, बैकुंठपुर, विश्रामपुर, भटगांव, चिरमिरी और हसदेव क्षेत्र के साथ-साथ मध्यप्रदेश के सोहागपुर और जमुना-कोतमा क्षेत्र से किसान नेता, संगठन पदाधिकारी, हाईकोर्ट अधिवक्ता, समाजसेवी और प्रभावित ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।

ऊर्जाधानी भूविस्थापित किसान कल्याण समिति के मीडिया प्रभारी ललित महिलांगे ने बताया कि यह सम्मेलन ऐतिहासिक होगा, क्योंकि पहली बार एसईसीएल की लगभग सभी खदानों के भूविस्थापित एक मंच पर जुटेंगे।

उन्होंने कहा कि सम्मेलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।