कोरबा।जिले के दादर– ढेलवाडीह मुख्य मार्ग पर शनिवार देर रात राखड़ से लदे एक ट्रेलर ने भारी तबाही मचा दी। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे ट्रेलर ने एक के बाद एक करीब 21 बिजली के खंभों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
हादसे के बाद दादर, ढेलवाडीह और रापाखर्रा गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई, जिससे पूरे इलाके में गहरा अंधेरा छा गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह घटना रात करीब 2 बजे हुई। अचानक शॉर्ट सर्किट की तेज आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकले तो सड़क पर भयावह मंजर देखने को मिला।
बिजली के तार सड़क पर बिखरे पड़े थे, कई खंभे टूटकर गिर चुके थे और आसपास के पेड़ भी क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर आ गए थे। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने आगे जाकर उसे पकड़ लिया और मानिकपुर चौकी पुलिस के हवाले कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि ट्रेलर का हाइड्रोलिक बूम (आर्म) ऊपर उठा हुआ था। इसी कारण वाहन चलते-चलते बिजली के खंभों से टकराता गया। बिजली के तार ट्रेलर में फंस गए और वाहन आगे बढ़ता रहा, जिससे एक के बाद एक करीब 21 खंभे टूट गए। ग्रामीणों का कहना है कि यह चालक की घोर लापरवाही का नतीजा है। यदि यह हादसा दिन में होता तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।
घटना के कारण तीनों गांवों में पूरी रात बिजली गुल रही। घरों में अंधेरा छाया रहा, मोबाइल चार्जिंग, पंखे और अन्य जरूरी सुविधाएं ठप हो गईं, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ढेलवाडीह, दादर और नकटीखार मार्ग पर राखड़ से लदे भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। ये वाहन दिन-रात तेज रफ्तार में बिना नियमों का पालन किए चलते हैं। कई बार शिकायत के बावजूद जिला प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। राखड़ से भरे ट्रेलर सड़क पर धूल उड़ाते हैं और हादसों का कारण बन रहे हैं।
मानिकपुर चौकी पुलिस ने ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि ट्रेलर को जब्त किया जाए, चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो और इस मार्ग पर भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।
यह घटना कोरबा क्षेत्र में राखड़ परिवहन के दौरान बढ़ती लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को एक बार फिर उजागर करती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















