कोरबा रेलवे स्टेशन की सेकंड एंट्री शनिवार शाम लगभग 4 बजे अचानक बंद कर दी गई। फुट ओवर ब्रिज (FOB) के प्रवेश द्वार की सीढ़ियों पर ‘मरम्मत कार्य जारी’ का बोर्ड लगाए जाने से यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है और स्टेशन पर आने-जाने वालों में जबरदस्त नाराजगी देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सेकंड एंट्री के नीचे स्थित एसईसीएल कोयला साइडिंग में चलने वाले एक भारी ट्रेलर ने फुट ओवर ब्रिज को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ब्रिज की संरचना गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई।
वाहन स्टैंड में तैनात कर्मचारी रवि प्रकाश सारथी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने तत्काल इस रास्ते को बंद कर दिया। किसी बड़े हादसे से बचने के लिए फुट ओवर ब्रिज के नीचे लोहे के मजबूत एंगल भी लगा दिए गए हैं ताकि कोई व्यक्ति नीचे से गुजरने की कोशिश न कर सके।
यात्रियों की बढ़ती मुश्किलें
बुधवारी निवासी यात्री सुमित महंत ने बताया कि वे बिलासपुर जाने के लिए स्टेशन पहुंचे थे, लेकिन सेकंड एंट्री बंद होने की जानकारी न होने से उनकी ट्रेन छूट गई और उन्हें निराश होकर घर लौटना पड़ा।
एसईसीएल कॉलोनी निवासी अतुल यादव ने कहा कि रायपुर से आए परिजनों को लेने के लिए उन्हें कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी।
कई यात्री मजबूरी में जान जोखिम में डालकर क्षतिग्रस्त फुट ओवर ब्रिज से चढ़-उतर रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ है।
ऑटो चालक और यात्रियों के परिजनों को भी अचानक बंद होने की जानकारी न होने से खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पहली बार नहीं हुई ऐसी घटना
रेलवे सूत्रों के अनुसार यह पहली बार नहीं है जब फुट ओवर ब्रिज को नुकसान पहुंचा है। इससे पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं।
कोरबा एआरएम उत्कर्ष गौरव ने बताया कि सेकंड एंट्री क्षेत्र में कुछ हिस्से ऊपर की ओर उभर आए थे, जिससे बड़ी घटना की आशंका बनी हुई थी। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इसे कुछ दिनों के लिए बंद किया गया है।
जब तक मरम्मत का कार्य पूरा नहीं होता, सेकंड एंट्री बंद रहेगी। वाहन स्टैंड से वाहन केवल पर्ची दिखाकर ही बाहर ले जाया जा सकेगा। एसईसीएल की कोयला साइडिंग से जुड़ी गतिविधियों पर भी इसका असर पड़ने की संभावना है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मुख्य प्रवेश द्वार का उपयोग करें और ट्रेन की समय-सीमा से पहले पर्याप्त समय लेकर स्टेशन पहुंचें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















