कोरबा। टीपी नगर स्थित शराब दुकान में शनिवार को भीड़ का फायदा उठाकर पॉकेटमारी कर रहे एक युवक को लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। युवक द्वारा जेब से पैसे निकालते देख मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने उसकी जमकर पिटाई कर दी।
बाद में सूचना मिलने पर पुलिस को बुलाया गया और युवक को उसके हवाले कर दिया गया। इस दौरान उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए।

पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम अजय कुमार बताया, जो सीतामढ़ी के शनि मंदिर के पास का निवासी है। उसने पुलिस को बताया कि वह बैंड पार्टी में काम करता है और अपने दोस्तों के साथ कोरबा आया था।
युवक ने स्वीकार किया कि उनका गिरोह लंबे समय से भीड़भाड़ वाले इलाकों में पॉकेटमारी की घटनाओं को अंजाम देता आ रहा है। शराब दुकान पर भीड़ बढ़ने का इंतजार कर वे वहां पहुंचते और मौका देखकर लोगों के पैसे चुरा लेते थे।
पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर चौकी ले गई। पुलिस ने पॉकेटमारी के शिकार हुए लोगों को भी चौकी बुलाया है और मामले की जांच की जा रही है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
सीएसईबी चौकी प्रभारी भीमसेन यादव ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके फरार साथियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि टीपी नगर स्थित शराब दुकान के बाहर पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। शराब दुकान बंद होने के बाद भी यहां शराब लेने पहुंचने वाले लोगों के कारण कई बार विवाद और मारपीट की स्थिति बन जाती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















