मेगा प्रोजेक्ट गेवरा-दीपका में केंद्रीय विद्यालय स्थापना की मांग, सीएमडी से मिला प्रतिनिधिमंडल

कोरबा। एसईसीएल के चेयरमैन सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहन से मिलकर मेगा प्रोजेक्ट गेवरा एवं दीपका परियोजना क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की मांग की गई है। कोयलांचल क्षेत्र में लंबे समय से इस स्तर के विद्यालय की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से एसईसीएल कर्मियों की संतानों के साथ-साथ भुविस्थापित परिवारों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।

भाजपा पार्षद अरुणीश तिवारी ने सीएमडी को अवगत कराया कि केंद्रीय विद्यालय की मांग काफी पुरानी है, जिसे लेकर पूर्व में कोयला मंत्रियों को भी ज्ञापन सौंपा जा चुका है।

बातचीत के दौरान उन्होंने एसईसीएल के ठेका कार्यों में प्रतिस्पर्धा के चलते आ रही गिरावट का मुद्दा भी उठाया।

उन्होंने बताया कि अत्यधिक कम दरों पर ठेका लिए जाने के कारण ठेकेदारों के लिए एस्टीमेट के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य कर पाना कठिन हो रहा है।

इस पर सीएमडी हरीश दुहन ने सहमति जताते हुए कहा कि यह एक नीतिगत विषय है, जो कोल इंडिया और मंत्रालय, विशेषकर वित्त मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार संचालित होता है।

इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष हरीश तदवानी एवं श्रीकांत सोनकर भी उपस्थित थे।