कोरबा।कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल कुसमुंडा खदान में एक युवक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शिनाख्त के बाद मृतक की पहचान 36 वर्षीय टेकराम उर्फ लखेश्वर सतनामी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में घटना केबल चोरी के प्रयास के दौरान शॉर्ट सर्किट से करंट लगने से हुई बताई जा रही है, हालांकि परिजनों ने इसे साजिशन हत्या करार दिया है।
मृतक के पिता दुजाराम कुर्रे ने बताया कि उनका बेटा लखेश्वर पिछले शनिवार को बाबूलाल नामक व्यक्ति के साथ पिकनिक के बहाने घर से निकला था, जिसके बाद से वह लापता था। पुलिस से सूचना मिलने पर जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो बेटे का शव देखकर स्तब्ध रह गए।
दुजाराम का आरोप है कि लखेश्वर को साथियों ने केबल चोरी के लिए उकसाया और उसे केबल पर धकेल दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने पूरे मामले में साजिश रचे जाने की आशंका जताई है।
परिजनों के अनुसार मृतक की मोटरसाइकिल भी गायब है, जबकि उसकी टीवी बाबूलाल के पास रखी होने की बात सामने आई है। मृतक के छोटे भाई रामेश्वर ने निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
इस मामले में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि प्राथमिक जांच में टेकराम की मौत खदान में केबल चोरी के दौरान बिजली की चपेट में आने से होने की बात सामने आई है। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब 10 लोग चोरी के इरादे से खदान में गए थे। उन्होंने बताया कि परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है।
घटना के बाद से क्षेत्र में खदानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















