कोरबा।जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पुटी पखना में शनिवार को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) के नेतृत्व में विशाल महापंचायत एवं जन आंदोलन का आयोजन किया गया।
पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम की अगुवाई में आयोजित इस आंदोलन में हजारों की संख्या में आदिवासी ग्रामीण शामिल हुए और रूंगटा कोल माइंस के प्रस्तावित विस्तार का पुरजोर विरोध किया।
खदान विस्तार के खिलाफ आदिवासियों का ऐलान
महापंचायत को संबोधित करते हुए विधायक तुलेश्वर मरकाम ने शासन-प्रशासन और निजी कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि खदान विस्तार के लिए प्रभावित क्षेत्र की चार से अधिक ग्राम पंचायतों के सरपंचों और सचिवों पर दबाव बनाकर जबरन प्रस्ताव पारित कराए जा रहे हैं।
विधायक मरकाम ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी ग्राम पंचायत ने ग्रामीणों की इच्छा के विरुद्ध खदान के समर्थन में प्रस्ताव पारित किया, तो उस पंचायत प्रतिनिधि के खिलाफ जनता के सहयोग से अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा।
पर्यावरण और अस्तित्व पर संकट
विधायक मरकाम ने कहा कि क्षेत्र में पहले से संचालित दो कोयला खदानों के कारण जल स्रोत, जंगल और खेती बुरी तरह प्रभावित हो चुके हैं। एक और नई खदान आदिवासी समाज के अस्तित्व पर सीधा हमला है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि जमीन के वास्तविक मालिक ग्रामीण हैं और उनकी सहमति के बिना भूमि अधिग्रहण असंवैधानिक है।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
महापंचायत के दौरान प्रशासन और कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। ग्रामीणों की प्रमुख मांगें इस प्रकार रहीं
व्यक्तिगत एवं सामुदायिक वन अधिकार पट्टों का तत्काल वितरण
दबाव में पारित किए जा रहे ग्राम पंचायत प्रस्तावों पर रोक
आदिवासी आजीविका, खेती और संस्कृति की सुरक्षा
महापंचायत के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।
आदिवासी समाज के उग्र रुख से स्पष्ट है कि वे अपनी पुश्तैनी जमीन, जंगल और अस्तित्व की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















