कोरबा। सर्वमंगला नगर दुरपा में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर 12 से 19 जनवरी तक शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। कथा स्थल छोटा दशहरा मैदान, सर्वमंगला नगर दुरपा निर्धारित किया गया है। इस पावन आयोजन में राष्ट्रीय भगवताचार्य आचार्य पं. रमाकांत जी महाराज (हरदीबाजार वाले) शिव महापुराण कथा का वाचन करेंगे।
आयोजन समिति के अनुसार प्रतिदिन प्रातः 8:30 बजे से पूजन, रुद्राभिषेक एवं आरती संपन्न होगी, जबकि दोपहर 3:30 बजे से सायंकाल तक शिव महापुराण कथा शिव-इच्छा तक प्रवाहित होगी। कथा के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं को सिद्ध रुद्राक्ष का वितरण भी किया जाएगा।
कथा का शुभारंभ 12 जनवरी को कलश यात्रा, वेदी पूजन, कथा महात्म्य एवं पार्थिव शिवलिंग पूजन के साथ होगा। 13 जनवरी को भस्म की महिमा, नारद जी का वानर मुख धारण एवं भगवान विष्णु को श्राप संबंधी कथा का वर्णन किया जाएगा। 14 जनवरी मकर संक्रांति के दिन विशेष कथा में गंगावतरण, रुद्ररहित यज्ञ का प्रारंभ एवं सती प्रसंग सुनाया जाएगा।
15 जनवरी को सती जी का हिमालय के घर पार्वती रूप में जन्म एवं शिव-पार्वती विवाह उत्सव, 16 जनवरी को कार्तिकेय जन्म, तारकासुर वध, त्रिपुर दहन एवं जलंधर-तुलसी विवाह की कथा होगी। 17 जनवरी को अर्धनारीश्वर की उत्पत्ति, दत्तात्रेय-दुर्वासा कथा एवं हनुमान जी के अवतार प्रसंग का वर्णन किया जाएगा। 18 जनवरी अमावस्या के अवसर पर 12 ज्योतिर्लिंगों की उत्पत्ति एवं दर्शन कथा के साथ विश्राम एवं चढ़ोत्तरी होगी।
शिव महापुराण कथा का समापन 19 जनवरी को 11 हजार पार्थिव शिवलिंग पूजन, अभिषेक, हवन, सहस्त्रधारा, पूर्णाहुति एवं महाप्रसाद वितरण के साथ किया जाएगा।
इस आयोजन में सर्वमंगला नगर दुरपा, आजाद नगर जरहाजेल, दुल्लापुर, एसजीपी कॉलोनी, बरमपुर, शांतिपारा, बरेठ मोहल्ला, ओडिया मोहल्ला, मंदिर मोहल्ला, चंद्रनगर बसावट सहित आसपास के ग्रामवासियों का विशेष सहयोग प्राप्त है। आयोजकों ने समस्त श्रद्धालुजनों से सपरिवार उपस्थित होकर शिव महापुराण कथा का रसपान कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















