दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया, परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप
कोरबा।बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के सेंदरीदफाई गांव में पारिवारिक विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। 26 वर्षीय विवाहिता रानी रत्नाकर ने पति दयाल रत्नाकर के कथित अवैध संबंध और मोबाइल चैट को लेकर हुए विवाद के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, दयाल रत्नाकर का शादी से पहले किसी अन्य महिला से संबंध था, जो विवाह के चार वर्ष बाद भी जारी रहा। घर में केवल एक ही मोबाइल होने के कारण रानी को पति के प्रेम संबंध की जानकारी मिली, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होने लगा।
बताया गया कि 7 जनवरी को मोबाइल वापस मांगने को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान दयाल ने रानी को दो थप्पड़ मार दिए। इससे आहत रानी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। बाद में जब दयाल घर से बाहर चला गया, तो रानी ने कमरे के भीतर लोहे के एंगल से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
कुछ समय बाद दयाल के लौटने पर रानी का शव फंदे पर लटका मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका के परिजनों ने दयाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे हत्या का मामला बताया है और आरोपी पति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। रानी अपने पीछे ढाई साल की बेटी और चार महीने के बेटे को छोड़ गई है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















