ड्यूटी में गंभीर लापरवाही पर आरक्षक निलंबित, एसपी ने की सख्त कार्रवाई

कोरबा।थाना करतला में पदस्थ आरक्षक विकास कोसले को गंभीर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता के आरोप में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

घटना 31 दिसंबर 2025 की है, जब आरक्षक विकास कोसले को डाक वितरण की ड्यूटी पर कोरबा भेजा गया था। ड्यूटी पूर्ण करने के बाद 1 जनवरी 2026 को वह थाना लौट तो आया, लेकिन विभागीय नियमों के विपरीत रात्रि विश्राम (मुकाम) की सूचना न तो थाने को दी और न ही किसी वरिष्ठ अधिकारी को अवगत कराया। बिना अनुमति के पूरी रात अनुपस्थित रहना जांच में गंभीर लापरवाही के रूप में सामने आया।

जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि आरक्षक को विभागीय नियमों की पूरी जानकारी होने के बावजूद उसने जानबूझकर लापरवाही बरती। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा इसे कर्तव्य के प्रति घोर उदासीनता एवं स्वेच्छाचारिता माना गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा आदेश जारी कर 4 जनवरी 2026 से आरक्षक विकास कोसले को निलंबित किया गया है।

निलंबन अवधि में उसका मुख्यालय रक्षित केंद्र कोरबा निर्धारित किया गया है तथा नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। इस सख्त कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति है।