बंग समाज के आनंद मेला में महापौर संजू देवी ने महिलाओं का उत्साह बढ़ाया, पारंपरिक व्यंजनों का लिया स्वाद

कोरबा। कोरबा बंग समाज द्वारा कालीबाड़ी एसईसीएल कोरबा ग्राउंड में आयोजित आनंद मेला में बंगाली संस्कृति की खुशबू बिखर गई। महिलाओं ने पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए, जबकि पेंटिंग और सजावटी पौधों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत ने विशेष उत्साह दिखाया। उन्होंने स्वयं हर स्टॉल का दौरा किया, महिलाओं से मुलाकात की और बंगाली व्यंजनों का स्वाद चखकर उनका मनोबल बढ़ाया।

मुख्य अतिथि के रूप में पार्षद नरेंद्र देवांगन, कालीबाड़ी पुरोहित सहदेव चक्रवर्ती, समाज के महासचिव अधिवक्ता श्यामल मल्लिक और कोषाध्यक्ष संजय दुबे मौजूद रहे। पुष्पक इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक राकेश रामानी और सुमन रामानी ने बंग समाज की महिलाओं को एप्रन भेंट किए।

रीता विश्वास, रिनी दुबे, बेबी डे, संध्या डे, शिवानी दास, मिष्टी मुखर्जी समेत कई महिलाओं ने बंगाल के पारंपरिक व्यंजन परोसे। रंग धारा कला मंच के कमल मजूमदार की कलाकृतियां और अनिमेष गांगुली के सजावटी पौधे भी सराहे गए।

मंच संचालन अमित बैनर्जी और श्रेयश्री सरकार ने किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में अमित बनर्जी, अपूर्वा ठाकुर, हैप्पी, मोनिका, समित, डॉ. संजय अग्रवाल, विजय अरोरा आदि कलाकारों ने प्रस्तुति दी। संदीप डांस ग्रुप के नृत्य ने समां बांधा। अंत में हॉजी गेम के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

यह मेला बंगाल के पौष माह की त्योहार परंपरा को जीवंत करने का सफल प्रयास रहा।