ईंट भट्ठा मजदूर की संदिग्ध मौत, जहर सेवन की आशंका से मचा हड़कंप

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के सरबुंदिया गांव में एक 48 वर्षीय मजदूर मुखी राम केवट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि मुखी राम केवट गांव में ही स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। मंगलवार की शाम वे रोज की तरह काम समाप्त कर घर लौटे और अपने कमरे में सोने चले गए।

मृतक के बेटे राहुल केवट के अनुसार, रात में जब वह घर पहुंचा तो उसे लगा कि उसके पिता शराब के नशे में सो रहे हैं। बाद में मां बाजार से लौटकर खाना बनाने के बाद जब मुखी राम को जगाने गईं, तो खाट के नीचे एक बोतल दिखाई दी। काफी प्रयास के बावजूद जब वे नहीं उठे, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्हें तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना स्थल से एक प्लास्टिक की थैली में सुहागा नमक (विषैला पदार्थ) मिलने के बाद जहर सेवन कर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।

जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल परिजन इस घटना से सदमे में हैं और उनका कहना है कि मुखी राम ने ऐसा कदम क्यों उठाया, यह उनकी समझ से परे है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।