कोरबा नगर निगम में 7 महीने से सामान्य सभा नहीं, लोकतंत्र पर सवाल – नेता प्रतिपक्ष का आरोप

कोरबा।नगर पालिक निगम कोरबा में लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पिछले 7 महीनों से निगम की सामान्य सभा का आयोजन नहीं होने से राजनीतिक पारा चढ़ गया है। नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू (कांग्रेस) ने निगम अध्यक्ष और कलेक्टर को पत्र लिखकर इसकी शिकायत की है।

पत्र में साहू ने छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम का हवाला देते हुए कहा कि नियमों के अनुसार हर दो महीने में सामान्य सभा आयोजित करना अनिवार्य है। लेकिन 2 मई 2025 के बाद से एक भी सभा नहीं बुलाई गई, जो कानून का स्पष्ट उल्लंघन है। इस अवधि में कम से कम 3 से 4 सभाएं हो जानी चाहिए थीं।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सामान्य सभा शहर के विकास कार्यों, जनसमस्याओं और योजनाओं पर खुली चर्चा का एकमात्र मंच है। सभा न होने से पार्षदों के अधिकार बाधित हो रहे हैं और शहर के विकास पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं की अवहेलना बताया।

साहू ने निगम अध्यक्ष से तत्काल बैठक बुलाने के निर्देश जारी करने की मांग की है। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र सभा नहीं आयोजित की गई तो मामला और उग्र राजनीतिक रूप ले सकता है।

यह मुद्दा कोरबा निगम में सत्ता पक्ष (बीजेपी) और विपक्ष (कांग्रेस) के बीच तनाव को बढ़ा सकता है। फिलहाल निगम प्रशासन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।