जिला चिकित्सालय में ‘जीवनधारा’ योजना से किडनी मरीजों को बड़ी राहत: 574 मरीजों को अब तक 36,520 सत्रों में मिला निःशुल्क डायलिसिस

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी के नेतृत्व में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के निरंतर प्रयास जारी हैं। इसी कड़ी में जिला चिकित्सालय (मेडिकल कॉलेज) कोरबा में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम के तहत ‘जीवनधारा’ निःशुल्क डायलिसिस यूनिट संचालित की जा रही है।

इस यूनिट में 9 अत्याधुनिक डायलिसिस मशीनें स्थापित हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर गंभीर किडनी रोगियों को समय पर उपचार मिल रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने बताया कि इस सुविधा से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिली है।

पहले गरीब मरीजों को डायलिसिस के लिए दूर-दराज के शहरों में जाना पड़ता था, जिसमें हर महीने हजारों रुपये खर्च होते थे। अब शहर में ही निःशुल्क या सस्ती डायलिसिस उपलब्ध होने से मरीजों का जीवन आसान हो गया है।

अब तक इस यूनिट में 574 मरीजों को 36,520 सत्रों में निःशुल्क उपचार प्रदान किया जा चुका है।

कलेक्टर और सीएमएचओ ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि किडनी रोग से पीड़ित कोई भी व्यक्ति जिला चिकित्सालय की डायलिसिस यूनिट में आकर निःशुल्क इलाज ले सकता है। इसके लिए केवल आधार कार्ड की जरूरत है।

डायलिसिस सेवा से संबंधित जानकारी और पंजीयन के लिए मोबाइल नंबर 9230777506, जस्ट डायल 8100166969, टोल फ्री नंबर 18001022294 तथा व्हाट्सएप नंबर 9073176063 पर संपर्क किया जा सकता है।