दबंगों ने स्कूल का मुख्य गेट तोड़ा, शिक्षिकाओं-छात्राओं के साथ अभद्रता; जमींदार के खिलाफ मोर्चा

कोरबा। तुलसीनगर क्षेत्र में तीन दशक से अधिक समय से संचालित कौशिल स्कूल पर भूमाफियाओं की नजर पड़ गई है। दबंगों ने स्कूल का मुख्य गेट तोड़ दिया और शिक्षिकाओं तथा छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। पीड़ितों ने कथित जमींदार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जिला प्रशासन से कठोर कार्रवाई की मांग की है।

घटना मंगलवार सुबह की है। सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र के तुलसीनगर में स्थित कौशिल स्कूल में अचानक कुछ दबंग लोग पहुंचे। उन्होंने स्टाफ से अभद्रता की और सामने का मुख्य गेट तोड़ डाला।

स्कूल की शिक्षिकाओं ने आरोप लगाया कि यह सब जमीन हड़पने की नीयत से किया गया। स्कूल को 35 वर्षों से अधिक समय से संचालित किया जा रहा है, लेकिन पहली बार किसी ने जमीन पर अपना दावा ठोंका है।

परेशान शिक्षिकाओं और छात्राओं ने कोरबा कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधीश कुणाल दुदावत सहित अन्य अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। दो शिक्षिकाओं ने मीडिया को बताया कि नए ‘जमींदार’ के इशारे पर यह तोड़फोड़ कराई गई। स्टाफ और विद्यार्थियों को लगातार परेशान किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने प्राचार्य और एक शिक्षक को जबरन उठा ले गई।

पीड़ित पक्ष ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और तोड़फोड़ करने वालों तथा इसके पीछे के लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। प्रशासन से उम्मीद जताई जा रही है कि स्कूल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और शिक्षण कार्य बाधित नहीं होगा।

यह घटना भूमाफियाओं की बढ़ती दबंगई को उजागर करती है, जिससे शिक्षा संस्थानों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।