लोको पायलट की सतर्कता से टला बड़ा हादसा:40 फीट ऊंचे ब्रिज से ट्रैक पर गिरे दो युवक, समय पर ब्रेक लगाकर बचाई जान

बालोद।बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। रेलवे ब्रिज पर बाइक सवार दो युवक अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट ऊंचाई से नीचे रेलवे ट्रैक पर जा गिरे। ठीक उसी समय उसी ट्रैक पर एक मालगाड़ी आ रही थी, लेकिन लोको पायलट की त्वरित सूझबूझ और सतर्कता ने दोनों युवकों की जान बचा ली।

घटना की जानकारी के अनुसार, ब्रिज से गिरने के बाद एक युवक सीधे रेलवे पटरी पर गिरा, जबकि दूसरा युवक पास की नाली में भरे पानी में जा गिरा। हादसे में दोनों युवकों के पैर बुरी तरह टूट गए और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों दर्द से कराह रहे थे और मदद की गुहार लगा रहे थे।
इसी दौरान मालगाड़ी के लोको पायलट ने युवकों को ट्रैक पर गिरते देखा और बिना समय गंवाए इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया।

ट्रेन महज कुछ दूरी पर रुक गई, जिससे एक भयानक हादसा टल गया। लोको पायलट ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की। घायल युवक बार-बार कह रहे थे, “प्लीज उठा दो, मेरे दोनों पैर टूट गए हैं, बाहर निकाल दो, मम्मी को फोन करना है।”

लोको पायलट ने फौरन डायल 112 पर कॉल कर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम और 112 की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को तत्काल बालोद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोको पायलट की सतर्कता और मानवीय संवेदना की लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं।