कोरबा।रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूल सिंह राठिया की सक्रिय एवं निरंतर पहल से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-IV / PM-DAJGUA) के तहत क्षेत्र के ग्रामीण विकास को नई गति मिली है। बैच-I (वर्ष 2025-26) के अंतर्गत कुल 23.50 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़कों के निर्माण एवं अनुरक्षण को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं पर कुल ₹2175.59 लाख (जीएसटी सहित) की लागत अनुमानित है।
ये सड़कें करतला एवं कोरबा विकासखंड के दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में निर्मित की जाएंगी, जिससे लंबे समय से सड़क सुविधा से वंचित गांव मुख्य मार्गों से जुड़ सकेंगे। सबसे लंबा मार्ग चोरभट्टी से तराईमार वाया कछार (7.40 किमी) है, जिसकी लागत ₹696.87 लाख निर्धारित की गई है।
स्वीकृत प्रमुख मार्ग:
करतला विकासखंड: बेहरचुंवा रोड से बिंझकोट, नोनदरहा मेन रोड से बरभाठा, चिचोली रोड से मैनपारा।
कोरबा विकासखंड: चाकामार मेन रोड से हाथीमुडा, गोढ़ी मेन रोड से दैहानभाठा, बासीन रोड से कोदवारी, सुर्वे मेन रोड से अकदाह
विधायक फूल सिंह राठिया ने कहा, “ग्रामीण क्षेत्रों को सड़क से जोड़ना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ग्रामीण इलाकों की मजबूती से ही जिला और प्रदेश मजबूत बनता है। सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आर्थिक विकास की नींव होती हैं।”
स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने परियोजनाओं का हार्दिक स्वागत किया है। विशेषज्ञों के अनुसार, इन सड़कों से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि कृषि उत्पादों की बाजार तक पहुंच आसान होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। यह कदम क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

