कोरबा । जिले के कुआं भट्ठा क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर परिसर में श्री वैष्णव विकास समिति, कोरबा द्वारा नवनिर्मित वैष्णव भवन का भव्य लोकार्पण आगामी 9 जनवरी 2026 (शुक्रवार) को किया जाएगा। इसी अवसर पर श्री श्री 1008 श्री रामानंदाचार्य जी महाराज का जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
इस आयोजन को लेकर वैष्णव समाज में खासा उत्साह देखा जा रहा है। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि वैष्णव भवन समाज के लिए धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का स्थायी केंद्र बनेगा। यहां धार्मिक अनुष्ठान, सामाजिक बैठकें, सांस्कृतिक कार्यक्रम और युवा पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने वाले आयोजन नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
लोकार्पण एवं जन्मोत्सव समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के श्रम, उद्योग, वाणिज्य एवं आबकारी मंत्री एवं कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं कोरबा लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत तथा कोरबा नगर निगम महापौर संजुदेवी राजपूत विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगी।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9 बजे दीप प्रज्वलन एवं विधिवत पूजा-अर्चना से होगी। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत-सम्मान किया जाएगा। इस दौरान समाज के वरिष्ठजनों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सदस्यों एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन के आकर्षण के रूप में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनमें भक्ति और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के लिए नाश्ता एवं भोजन प्रसाद की समुचित व्यवस्था रहेगी।
श्री वैष्णव विकास समिति, कोरबा ने जिले के समस्त वैष्णव समाज के सदस्यों, युवाओं, महिलाओं और समाजसेवियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। समिति का कहना है कि यह आयोजन समाज में एकता, भाईचारा और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















