रेड क्रॉस की मानवीय पहल: आर्थिक रूप से कमजोर सुजीत  को मिला निःशुल्क श्रवण यंत्र, जीवन में आई नई उम्मीद

कोरबा। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा कोरबा के संरक्षक रामसिंह अग्रवाल के मार्गदर्शन में बहरापन दूर करने का निरंतर मानवीय सेवा अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत आर्थिक रूप से कमजोर जरूरतमंदों को निःशुल्क श्रवण यंत्र उपलब्ध कराकर उन्हें सामान्य जीवन से जोड़ा जा रहा है।

इसी कड़ी में पुरानी बस्ती, कोऑपरेटिव बैंक के पास निवासी सुजीत जायसवाल लंबे समय से सुनने में गंभीर समस्या से पीड़ित थे। डॉक्टरों ने उन्हें श्रवण यंत्र लगाने की सलाह दी थी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण वे इसे खरीद नहीं पा रहे थे। सुजीत ने मेडिकल रिपोर्ट के साथ रेड क्रॉस संरक्षक रामसिंह अग्रवाल से मदद की गुहार लगाई।

आवेदन मिलते ही संरक्षक ने संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। परिणामस्वरूप, 5 जनवरी को रेड क्रॉस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सुजीत जायसवाल को निःशुल्क श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। यंत्र लगते ही उनकी सुनने की क्षमता में सुधार हुआ और चेहरे पर खुशी छा गई।

भावुक होकर सुजीत ने रामसिंह अग्रवाल और रेड क्रॉस टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह सहायता मेरे जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास लेकर आई है।”

कार्यक्रम में जफर अली, सदाराम चंद्रा, फागुलाल चंद्रा सहित अन्य गणमान्य नागरिक और पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने रेड क्रॉस के इस मानवीय कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।