शासकीय कार्य में बाधा और कमीशन की मांग: मादन गांव की सरपंच ने जनपद सदस्य समेत चार पर लगाया आरोप, पुलिस-प्रशासन से कार्रवाई की गुहार

कोरबा-पाली।कोरबा जिले के जनपद पंचायत पाली अंतर्गत ग्राम पंचायत मादन में चल रहे शासकीय निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न करने का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती सविता पैकरा ने जनपद सदस्य, पंच, किसान मित्र और एक ग्रामीण पर सरकारी कार्य में अवरोध डालने का आरोप लगाते हुए प्रशासन एवं पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

सरपंच श्रीमती सविता पैकरा ने बताया कि ग्राम पंचायत मादन में शासन से स्वीकृत निर्माण कार्य के दौरान अंशुल सिंह कंवर (जनपद सदस्य), ईतवार यादव (पंच), छत्रपाल सिंह पैकरा (किसान मित्र) एवं गणेश टांडिया (ग्रामीण) द्वारा बार-बार हस्तक्षेप कर कार्य रुकवाया जा रहा है।

आरोप है कि संबंधित लोगों द्वारा दबाव बनाकर डराया- धमकाया जाता है, जिससे उन्हें मानसिक और आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है।

सरपंच ने यह भी आरोप लगाया कि उक्त लोग शासकीय कार्य में कमीशन की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विगत वर्ष पंच ईतवार यादव जेल भी जा चुके हैं।

सरपंच ने आशंका जताई है कि यदि महिला जनप्रतिनिधि श्रीमती सविता पैकरा (सरपंच) अथवा श्रीमती कावेरी पटेल (उपसरपंच) को किसी प्रकार की शारीरिक या मानसिक क्षति होती है तो इसके लिए उक्त आरोपी ही जिम्मेदार होंगे।

मामले को लेकर सरपंच ने प्रशासन और पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।