किसान की जमीन पर बनी सड़क-पुल, मुआवजा लंबित; कलेक्टर ने एसडीएम को दिए जांच के निर्देश

कोरबा।जिला स्तर पर सप्ताह के प्रथम दिन आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जनसमस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

जनदर्शन में नगर के सर्वमंगला मंदिर समीप स्नेह सदन निवासी वृद्ध पदुम लाल दिकसेना ने संस्थान में अव्यवस्था एवं दुव्र्यवहार को लेकर शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीर मानते हुए कलेक्टर ने सहायक कलेक्टर को संस्थान का निरीक्षण कर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

गढ़ उपरोड़ा पंचायत अंतर्गत ग्राम कदमझेरिया के पीवीटीजी समुदाय के पहाड़ी कोरवा वर्ग के पहारू राम, बिफईया राम एवं अमृत लाल सहित अन्य ग्रामीणों ने आजीविका संवर्धन के लिए बकरी पालन योजना के तहत सहायता की मांग की।

कटघोरा विकासखंड के ग्राम जवाली निवासी लकेश्वर प्रसाद ने जनदर्शन में आवेदन देकर बताया कि दीपका–कटघोरा पहुंच मार्ग पर खोलार नाला के समीप उनकी खसरा नंबर 190/15 भूमि पर प्रशासन द्वारा पुल एवं सड़क का निर्माण किया गया है, लेकिन लंबे समय बाद भी उन्हें मुआवजा राशि नहीं दी गई। कलेक्टर ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए एसडीएम को निर्देशित किया।

इसी तरह पाली विकासखंड के ग्राम गोपालपुर निवासी राजेन्द्र सिंह मरावी ने ग्राम अण्डीकछार स्थित अपनी नानी श्रीमती दुखनी बाई की भूमि का ऑनलाइन राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्त न होने की शिकायत की। इस प्रकरण में भी एसडीएम पाली को जांच कर राहत देने के निर्देश दिए गए हैं।

जनदर्शन कार्यक्रम में अवैध निर्माण रोकने, अतिक्रमण हटाने, अधिक बिजली बिल की जांच, नए आंगनबाड़ी भवन निर्माण की स्वीकृति, वनाधिकार पट्टा, सीमांकन, मजदूरी भुगतान, रोजगार और मानदेय सहित कुल 95 आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को शीघ्र जांच कर पात्र हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।