नक्सली हमलों से ज्यादा मौतें सड़क हादसों में: यातायात विभाग ने छात्रों को दी हैरान करने वाली जानकारी

कोरबा।सड़क सुरक्षा माह के तहत कोरबा जिले में 31 जनवरी तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय मदनपुर में यातायात विभाग कोरबा द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में यातायात विभाग के सहायक निरीक्षक रामनारायण रात्रे और ईश्वरी प्रसाद लहरे ने छात्रों को चौंकाने वाली जानकारी दी कि सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों का प्रतिशत सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि पूरे वर्ष में नक्सली हमलों से जितनी मौतें नहीं होतीं, उससे कहीं अधिक मौतें सड़क हादसों में हो जाती हैं।

ईश्वरी प्रसाद लहरे ने अवयस्क बच्चों को बिना लाइसेंस वाहन चलाने से मना किया और लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई। वरिष्ठ व्याख्याता पुष्पक साहू ने वाहनों में तेज ध्वनि बजाने से दुर्घटना की आशंका पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी विद्यार्थियों और नवीन पाठ्यपुस्तक प्रशिक्षण में आए शिक्षकों ने यातायात नियमों के पालन की शपथ ली।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पुष्पक साहू ने की। शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई। व्याख्याता विनोद जायसवाल ने कार्यक्रम के उद्देश्य बताए। अतिथियों का स्वागत कुमुदिनी राम, कमलेश्वरी साहू और सितारा अग्रवाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।

कार्यक्रम में बीआरसी रामगोपाल जायसवाल,सीएसी जीवन सिंह मरकाम,अनिल जगत,रवि चंद्रा,मास्टर ट्रेनर निर्मल पटेल,पुष्पलता भार्गव,श्रद्धा शर्मा,अर्चना किंडो सहित यातायात विभाग के लखन कौरव, राकेश साहू, रघुवीर प्रताप सिंह,संतोष देवांगन,देवेंद्र मराबी,कृष्णा भारद्वाज, जयप्रकाश यादव, राजेंद्र पटेल, चंद्रप्रताप कोराम, संकुल के शिक्षक -शिक्षिकाएं, सेजस मदनपुर स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।