बालको क्षेत्र की समस्याएं: CPI ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, सड़क दुर्घटना और जर्जर रोड की शिकायत

कोरबा। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) जिला कोरबा के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिला कलेक्टर से मुलाकात कर नववर्ष की शुभकामनाएं दीं तथा बालको नगर क्षेत्र की लंबित जन-समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर का ध्यान इस ओर आकर्षित किया कि पहले भी कई बार (पत्र क्रमांक 02/11/22, 04/11/22, 25/05/2023, 36/2024, 51/2024 एवं 52/2024) धरना-प्रदर्शन कर इन समस्याओं की ओर ध्यान दिलाया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

ज्ञापन में मुख्य रूप से तीन समस्याओं का उल्लेख किया गया है:

भारी वाहनों का अत्यधिक दबाव: बालको बज्रंग चौक, परसाभाटा से रिद्धि चौक तक भारी वाहनों की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। रात में धूल इतनी उड़ती है कि सड़क दिखाई नहीं देती। बालको कंपनी के हजारों कर्मचारियों की जान को खतरा बना रहता है। मांग की गई है कि विभिन्न शिफ्ट (अ, ब, स) के समय से 30 मिनट पहले और 30 मिनट बाद तक भारी वाहनों पर नो-एंट्री लगाई जाए।

साप्ताहिक बाजार की जर्जर स्थिति: परसाभाटा में लगने वाले साप्ताहिक बाजार की गुमटियों के ऊपर का शेड और पीसीसी रोड अत्यधिक खराब हो चुका है, जिससे व्यापारी और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। शेड एवं रोड का जीर्णोद्धार करने की मांग की गई।

सड़कों की बदहाल स्थिति: भदरापारा  गायत्री मंदिर रोड से रिस्दी चौक तथा पॉलिटेक्निक कॉलेज रोड पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। इससे रोजाना लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है और कई घातक दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। इन सड़कों के मरम्मत की तत्काल आवश्यकता जताई गई।

ज्ञापन सौंपते समय सीपीआई जिला सचिव मंडल सदस्य एन.के. दास, पवन कुमार वर्मा, अनूप सिंह, विजयलक्ष्मी चौहान एवं मुकेश कुमार उपस्थित रहे।

पार्टी ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन इन जन-समस्याओं का शीघ्र निराकरण करेगा।