पड़ोसी की पत्नी से हंसी-मजाक पड़ा भारी: गुस्साए शख्स ने डंडे से पीट-पीटकर कर दी युवक की हत्या, पुलिस डॉग ‘बाघा’ ने घंटों में सुलझाई गुत्थी

कोरबा।कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी में चरित्र शंका और आपसी विवाद के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नंदकुमार पटेल के रूप में हुई है। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने जयशंकर के घर की बाड़ी के पास नंदकुमार का रक्तरंजित शव देखा, जिसके सिर और चेहरे पर गहरे घाव थे।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद ली। खोजी कुत्ता ‘बाघा’ ने मृतक के जूते को सूंघकर करीब 200 मीटर दूर आरोपी जयशंकर के घर तक का रास्ता दिखाया और सीधे उसके पास जाकर रुक गया। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने जयशंकर को हिरासत में लिया, जहां उसने जुर्म कबूल कर लिया।

पूछताछ में पता चला कि नंदकुमार अक्सर जयशंकर के घर आता-जाता था और रविवार रात उसकी पत्नी के साथ हंसी-मजाक कर रहा था। इससे गुस्साए जयशंकर ने बाड़ी में रखे डंडे से नंदकुमार पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।

इस घटना से दोनों परिवार तबाह हो गए हैं। मृतक नंदकुमार शादीशुदा था और उसके बच्चे हैं, जबकि आरोपी जयशंकर अब जेल में है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।