कोरबा।जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के नेतृत्व में जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के तहत आबकारी अधिनियम के अंतर्गत एक ही दिन में 44 प्रकरण दर्ज किए गए।
इस दौरान 43 आरोपियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की गई और 653.3 लीटर से अधिक अवैध देशी महुआ शराब जब्त की गई।
यह अभियान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाया गया। बालको थाना पुलिस ने 90 पाव देशी शराब बरामद की।
बालको चेक पोस्ट निवासी शत्रुघ्न चौहान से 15 लीटर, चुईया निवासी शत्रुघ्न सारथी से 3 लीटर और संगम नगर निवासी कंचन यादव से भी अवैध शराब जब्त की गई। वहीं, सिविल लाइन थाना पुलिस ने शंकर नगर खरमोरा निवासी 21 वर्षीय गोपी सिंह पावले को 30 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि बालको क्षेत्र का शत्रुघ्न चौहान जंगल में शराब छिपाकर रखता था और अधिक कीमत पर बिक्री करता था, खासकर शराब दुकानों के बंद रहने के दौरान या खुलने से पहले। इसके अलावा मानिकपुर, उरगा, हरदी बाजार और दीपका थाना पुलिस ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध शराब तस्करों के खिलाफ छापेमारी कर कार्रवाई की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय पर रोक लगाने के लिए यह सघन अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब से जुड़े किसी भी प्रकार की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि अवैध शराब के नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ने के लिए आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















