कोरबा।करतला रेंज के ग्राम तिलईडबरा के पास जंगल में एक खतरनाक दंतैल हाथी की मौजूदगी देखी गई है। यह वही दंतैल हाथी है जो इससे पहले चिकनीपाली क्षेत्र के पहाड़ पर दिखाई देने के बाद गायब हो गया था। अब उसका लोकेशन ट्रेस कर लिया गया है, जिसके बाद वन विभाग ने उसकी कड़ी निगरानी शुरू कर दी है।
वन विभाग की टीम लंबे समय से इस दंतैल की तलाश कर रही थी, लेकिन पहले उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। दंतैल के फिर से दिखाई देने पर विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क कर दिया है। लोगों को चेतावनी दी गई है कि खतरनाक दंतैल अभी क्षेत्र में घूम रहा है, इसलिए उसके विचरण वाले जंगल की ओर न जाएं और सावधानी बरतें।
इस बीच, कटघोरा वनमंडल के मातीन क्षेत्र में 2 हाथी और जटगा रेंज के मुकुवा सर्किल में 49 हाथियों का दल लगातार मौजूद है। ये दोनों दल शांतिपूर्वक पहाड़ी और जंगली इलाकों में विचरण कर रहे हैं।
हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग पूरी सतर्कता बरत रहा है। टीम लगातार निगरानी कर रही है और गांव वालों को सुरक्षित रहने की सलाह दे रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















