विश्व ब्रेल दिवस: समावेशी समाज की दिशा में एक मजबूत पहल

कोरबा । हर वर्ष 4 जनवरी को मनाया जाने वाला विश्व ब्रेल दिवस दृष्टिबाधित एवं नेत्रहीन व्यक्तियों के लिए शिक्षा और संचार का प्रभावशाली माध्यम बनी ब्रेल लिपि के महत्व को रेखांकित करता है। यह दिवस ब्रेल लिपि के आविष्कारक लुई ब्रेल की जयंती के रूप में भी मनाया जाता है, जिन्होंने अल्पायु में ही इस क्रांतिकारी स्पर्शनीय लिपि का विकास कर दुनिया भर के दृष्टिबाधितजनों के जीवन में नई रोशनी भरी।

ब्रेल लिपि ने दृष्टिबाधित व्यक्तियों को शिक्षा, सूचना, रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई है।

यह न केवल पढ़ने-लिखने का माध्यम है, बल्कि आत्मसम्मान और समानता का प्रतीक भी है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा विश्व ब्रेल दिवस मनाने का उद्देश्य दृष्टिबाधित व्यक्तियों के मानवाधिकारों, समान अवसरों और सामाजिक समावेशन के प्रति वैश्विक स्तर पर जागरूकता बढ़ाना है।

यह दिवस समाज को यह संदेश देता है कि समावेशी सोच और सुलभ संसाधनों के माध्यम से हर व्यक्ति को आगे बढ़ने का समान अवसर दिया जा सकता है।