कोरबा। डी.डी.एम. स्कूल रोड स्थित सिंधी कॉलोनी में अवैध रेत भंडारण को लेकर स्थानीय रहवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि एक बंद प्लॉट, जिसकी चारों ओर लगभग 10 फीट ऊंची दीवार बनी हुई है, में पिछले कई दिनों से अवैध रूप से रेत का भंडारण किया जा रहा है। इसके अलावा डी.डी.एम. स्कूल के सामने स्थित एक अन्य प्लॉट में भी बड़ी मात्रा में रेत जमा किए जाने की शिकायत सामने आई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी कई बार अवैध रेत भंडारण की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसे कार्यों को बढ़ावा मिल रहा है। रहवासियों के अनुसार यह पूरी तरह आवासीय क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में परिवार निवास करते हैं और प्रतिदिन स्कूली बच्चों, छात्र-छात्राओं तथा आम नागरिकों का आवागमन रहता है।
रेत से भरे ट्रैक्टर और भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क पर दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। लोगों का आरोप है कि कई बार वाहन चालक सड़क पर रेत गिराकर चले जाते हैं, जिससे फिसलन और हादसों की आशंका बढ़ जाती है।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन, खनिज विभाग एवं पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर अवैध रेत भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
प्रशासन से क्षेत्र की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्काल हस्तक्षेप की अपेक्षा की गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

